राजस्थान के दौसा में तीन दिन पहले हंस ट्रेवल्स की बस और ट्रेलर की टक्कर के बाद लगी भीषण आग में जान गंवाने वाले इंदौर के दो यात्रियों निर्मला गुप्ता और भूमि भोरे का शुक्रवार को अंतिम संस्कार किया गया। डीएनए जांच से पहचान की पुष्टि होने के बाद दोनों के पार्थिव शरीर गुरुवार देर रात इंदौर लाए गए।
रीजनल पार्क मुक्तिधाम में निर्मला को अंतिम विदाई
निर्मला गुप्ता का अंतिम संस्कार रीजनल पार्क मुक्तिधाम में किया गया। उनके बेटे मयंक गुप्ता ने मुखाग्नि दी। इस दौरान परिवार के सदस्य, रिश्तेदार और बड़ी संख्या में परिचित मौजूद रहे।
निर्मला के पति चंद्रप्रकाश गुप्ता भी चारधाम यात्रा पर उनके साथ थे और हादसे में घायल हो गए थे। उन्होंने बताया कि हादसे के दौरान वे किसी तरह बाहर निकल आए, लेकिन उनकी पत्नी बस के अंदर सीटों के बीच फंस गई थीं। अंतिम यात्रा में चोटिल होने के कारण लोग उन्हें सहारा देकर ले गए।

