सागर जिले के बंडा और शाहगढ़ क्षेत्र में नकली और जहरीली शराब से मौतों का सिलसिला लगातार जारी है। जमीनी जानकारी के मुताबिक अब तक करीब 28 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि प्रशासन ने 15 मौतों की पुष्टि की है। 46 मरीज बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं। इनमें 5 की हालत गंभीर है और उनका आईसीयू में इलाज चल रहा है। बुधवार को नया मरीज सामने नहीं आया और किसी मौत की सूचना भी नहीं मिली।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को घटनाक्रम की समीक्षा की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए अफसरों को फ्री हैंड दिया। इसके बाद पुलिस और प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। आरोपियों की तलाश में मध्यप्रदेश के अलग-अलग जिलों के साथ उत्तर प्रदेश में भी पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। फरार आरोपियों पर इनाम घोषित किया गया है।
पुलिस अब तक करणी सेना का संभागीय अध्यक्ष चंद्रभान सिंह राजपूत समेत 16 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस और प्रशासन की टीमें आरोपियों के अवैध कब्जों और ठिकानों को चिह्नित कर रही हैं। इनकी जांच के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की तैयारी है। पुलिस ने कई ठिकानों से अवैध शराब भी जब्त की है।

