फीफा वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला आज स्पेन और अर्जेंटीना के बीच होगा। टूर्नामेंट में दोनों टीमें 60 साल बाद आमने-सामने हो रही हैं। न्यूयॉर्क के न्यू जर्सी स्टेडियम में रात 12:30 बजे से मुकाबला खेला जाएगा।
स्पेन 2010 के बाद दूसरी बार वर्ल्ड चैंपियन बनने उतरेगा। दूसरी ओर डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना के पास चौथी बार ट्रॉफी जीतने और लगातार दूसरा वर्ल्ड कप अपने नाम करने का मौका होगा। जीत दर्ज करने पर अर्जेंटीना की टीम इटली (1938) और ब्राजील (1962) के बाद लगातार दो वर्ल्ड कप जीतने वाली तीसरी टीम बन जाएगी।
करीब 19 साल पहले मेसी ने यमाल को गोद में उठाया था
इस फाइनल की सबसे बड़ी कहानी लियोनेल मेसी और लामिन यमाल की है। मेसी अर्जेंटीना के सुपर स्टार हैं तो यमाल स्पेन की युवा सनसनी। मेसी स्पेन के ही क्लब बार्सिलोना के लिए खेलते थे। करीब 19 साल पहले बार्सिलोना के एक चैरिटी फोटोशूट में मेसी ने तीन महीने के यमाल को गोद में उठाकर नहलाया था। तब मेसी खुद 20 साल के थे। आज वही यमाल पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेसी के सामने उतरेंगे। यह तस्वीर 2024 में वायरल हुई थी और अब फुटबॉल इतिहास की सबसे चर्चित कहानियों में शामिल है।

