महाराष्ट्र के पुणे में बुधवार को भारी बारिश से कचरे का पहाड़ 3 मंजिला बिल्डिंग पर गिर गया। इससे इमारत ढह गई। 16 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
न्यूज एजेंसी PTI ने बताया कि पुणे के पिंपरी-चिंचवाड़ में कचरे का पहाड़ जैसा ढेर था, यह वहां मौजूद कचरा प्रबंधन की बिल्डिंग पर गिर पड़ा। वहीं पुणे के खंडाला में तेज बारिश के बीच लैंडस्लाइड से सिक्योरिटी गार्ड की मौत हो गई, जबकि उसका एक साथी अब भी लापता है।
इधर, गुजरात के सूरत में 36 घंटे में 11 से 19 इंच तक बारिश हुई। यहां जुलाई 1941 में दर्ज हुई 18 इंच बारिश का 85 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया। शहर में बाढ़ आ गई, शॉपिंग मॉल की एक मंजिल पानी में डूब गई़। करंट लगने, पेड़ और बिजली गिरने से 9 लोगों की जान चली गई। 3400 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
मध्य प्रदेश के जबलपुर में मंगलवार शाम पांच मंजिला इमारत ढह गई। राजस्थान के जालोर में एक जीप नदी में पलट गई। चित्तौड़गढ़ में बिजली गिरने से एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत हो गई।

